राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचार के अनूठे मॉडल
रानीतराई। स्वर्गीय दाऊ रामचंद्र साहू शासकीय महाविद्यालय, रानीतराई में 28 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य चंदन गोस्वामी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती आराधना देवांगन के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना रहा। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने नवीन विचारों, रचनात्मक अवधारणाओं एवं उपयोगी नवाचारों पर आधारित विभिन्न प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की छात्राओं श्रेया देवांगन एवं सृष्टि ने मिट्टी का फ्रिज, तनीषा एवं प्राची ने सोलर पावर एवं होमेश्वरी-दामिनी ने महिला सुरक्षा से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किया। वहीं भूमिका एवं टीमेश्वरी ने शुष्क जल फिल्टर प्रोजेक्ट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, तकनीकी विकास, सामाजिक जागरूकता तथा दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान पर आधारित नवाचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों को अपने विचारों को तार्किक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि नवाचार केवल नई तकनीक विकसित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज एवं पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के लिए सरल, उपयोगी और प्रभावी समाधान प्रस्तुत करना भी नवाचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक डॉ. रेश्मी वासनीकर, सुश्री भारती गायकवाड़, डॉ. शगुफ्ता सिद्दीक़ी, श्रीमती अंबिका ठाकुर बर्मन, सुश्री रेणुका वर्मा, टीकेश्वर पाटिल, सुश्री शिखा मड़रिया, वेणु साहू एवं डॉ. देबीलाल गौतम सहित कार्यालयीन स्टाफ से श्री नरेश मेश्राम, श्रीमती महेश्वरी निषाद, श्रीमती सीमा वर्मा, प्रयोगशाला परिचारक सुश्री आशा ठाकुर, रविकिशोर कंवर एवं बुक लिफ्टर श्री शेष कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।



