अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अमलेश्वर आगमन से बढ़ी विकास की उम्मीदें, मॉडल नगर पालिका की मांग

अमलेश्वर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 1 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद अमलेश्वर स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में प्रस्तावित आगमन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन से नगरवासियों को अमलेश्वर के विकास को लेकर बड़ी सौगातों और नई योजनाओं की उम्मीदें हैं। नागरिक अब अमलेश्वर को प्रदेश की एक मॉडल नगर पालिका परिषद के रूप में विकसित होते देखना चाहते हैं।

गौरतलब है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शासनकाल में वर्ष 2022 में अमलेश्वर ग्राम पंचायत को नगर पालिका परिषद का दर्जा दिया गया था। उस समय आगामी 20 वर्षों की विकास कार्ययोजना को ध्यान में रखते हुए मनोनीत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों का गठन भी किया गया था। हालांकि सत्ता परिवर्तन के बाद नगरवासियों का कहना है कि अमलेश्वर नगर पालिका को अपेक्षा के अनुरूप बड़ी विकास सौगातें नहीं मिल सकी हैं और आज भी पांच साल के नगर पालिका परिषद के सफ़र में कई मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

नगरवासियों की प्रमुख मांगों में सर्वसुविधायुक्त नगर पालिका भवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल, उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज, व्यवस्थित बस स्टैंड, पेयजल व्यवस्था सहित सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है। नागरिकों का मानना है कि बढ़ती आबादी और नगर के विस्तार को देखते हुए इन सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है।

नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के अध्यक्ष दयानंद सोनकर एवं सभी 18 पार्षद भी नगर के विकास को लेकर संकल्पित बताए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की ओर से शासन-प्रशासन के समक्ष विभिन्न विकास कार्यों की मांग रखे जाने की उम्मीद है। नगरवासियों की नजर अब इस बात पर है कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान अमलेश्वर के विकास के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका प्रशासन द्वारा कौन-कौन सी मांगें रखी जाती हैं और शासन की ओर से क्या घोषणाएं होती हैं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अमलेश्वर आगमन भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों के लिए विशेष उत्साह का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि अमलेश्वर भाजपा मंडल उत्तर पाटन क्षेत्र में मुख्यमंत्री का यह तीसरा दौरा है, जबकि नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह पहला आगमन होगा। हालांकि तीन बार के आगमन में पाटन की जनता को कोई बड़ी सौगात नहीं मिल पाई है।अब अमलेश्वर में उम्मीद लगाए हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर में तैयारियां तेज हैं। वहीं नगरवासियों की निगाहें अब मुख्यमंत्री के संबोधन और अमलेश्वर के लिए संभावित विकास कार्यों की घोषणाओं पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!