पेय जल पाइपलाइन लीकेज के बाद क्षतिग्रस्त मेन रोड की मरम्मत पर सवाल, बिना बेस के कंक्रीटीकरण का आरोप

अमलेश्वर/पाटन। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर थाना के पास मेन रोड पर पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। लंबे समय से खराब सड़क की अब मरम्मत कर कंक्रीटीकरण किया जा रहा है। हालांकि, निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाए हैं। पेय जल पाइपलाइन भिलाई तीन चरोदा गया है जिसके कारण मेन रोड खराब हो रहा था। लीकेज सुधार कर रोड का सीमेंटी करण किया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के पार्षद डॉ. आलोक पाल एवं राजू सोनकर ने आरोप लगाया कि सड़क पर पर्याप्त बेस तैयार किए बिना ही करीब 3 इंच मोटाई का कंक्रीट किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मेन रोड पर दिनभर वाहनों का दबाव अधिक रहता है, ऐसे में यदि मजबूत बेस के बिना कंक्रीटीकरण किया गया तो सड़क के दोबारा क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी रहेगी।
पार्षदों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर संबंधित विभाग के इंजीनियर एवं कार्य कर रहे ठेकेदार से भी चर्चा की। इसके बावजूद बिना सुधार किए कार्य जारी रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया गया तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बार-बार सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी से बचाया जा सके।



