गांधी जयंती पर ग्रामसभा एवं सम्मान समारोह आयोजित, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व बुजुर्गों का हुआ सम्मान

पाटन,पतोरा, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत पतोरा में आज ग्रामसभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच भुनेश्वर प्रसाद साहू, उपसरपंच देवचरण कौशल, जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रिका कलिहारी, सचिव नरेश कुमार महतो, सहसचिव श्रीमती क्षमा भारती सहित पंचगण, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर ग्राम निर्णय समिति के अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, ग्राम पटेल करण साहू, टीकाराम देवांगन (उपाध्यक्ष, पाटन मंडल), वरिष्ठ भाजपा नेता सनत वर्मा, वरिष्ठ नागरिक भीखम देवांगन सहित ग्राम के अन्य बुजुर्गजन उपस्थित रहे। ग्राम निर्णय समिति अध्यक्ष श्री राजेंद्र वर्मा ने “रघुपति राघव राजा राम” भजन प्रस्तुत किया। वहीं सरपंच एवं वरिष्ठजनों ने महात्मा गांधी के विचारों, आदर्शों एवं उनके बताए सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
ग्रामसभा के दौरान पंचायत सचिव द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही ग्राम पंचायत के आय-व्यय का मदवार विवरण भी ग्रामसभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान ग्राम की 6 मितानिनों, 14 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा 4 स्वच्छताग्रही दीदियों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ग्रामसभा में उपस्थित लगभग 120 बुजुर्गों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
ग्राम पंचायत के कर्मचारियों—सचिव, सहसचिव, ऑपरेटर, भृत्य, एफएसटीपी ऑपरेटर एवं पंप ऑपरेटर सहित अन्य कर्मचारियों का भी शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में पंचगण चित्रसेन कलिहारी, मुकेश चाँदने, हेमचंद ठाकुर, रूपेश कोसरे, सरस्वती साहू, कामिन देशलहरे, डिलेश्वरी साहू, दीपक साहू, गोरेलाल श्रीवास, चुम्मन साहू, नेमबाई बन्दे, राधाबाई ठाकुर, मनोज कुमार, कमलेश्वरी साहू, एकता साहू, कामिनी बाई देशलहरे, जामुन ठाकुर, दीप्ती श्रीवास, महेश्वरी कुर्रे, दिलेश्वरी देशलहरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



