बेस्ट फ्रॉम वेस्ट’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कचरे से किया सृजन, दिया पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश

रानीतराई। स्व. दाऊ रामचंद्र साहू शासकीय महाविद्यालय, रानीतराई में प्राचार्य चंदन गोस्वामी के मार्गदर्शन में इको क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को ‘बेस्ट फ्रॉम वेस्ट’ (कचरे से सृजन, सृजन से संरक्षण) थीम पर आयोजित प्लांटर निर्माण प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण तथा अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग के प्रति जागरूकता विकसित करना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी प्लास्टिक बोतलों, पुराने टायरों एवं अन्य अनुपयोगी सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक एवं उपयोगी प्लांटर तैयार किए। प्रत्येक प्लांटर में पौधा लगाकर विद्यार्थियों ने हरित पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, नवाचार एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता देखने को मिली। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि अनुपयोगी वस्तुओं को उचित रचनात्मकता एवं प्रयास से उपयोगी बनाया जा सकता है, जिससे कचरे की मात्रा कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहायता मिलती है।
विद्यार्थियों में से बीएससी तृतीय सेमेस्टर के छात्र गुलशन ,रश्मि,प्राची,योगिता,नीलम, दामिनी,सरिता,युक्ति द्वारा बनाया गया टायर प्लांटर और बीएससी पंचम सेमेस्टर की छात्रा यासमी द्वारा बनाया गया बोनसाई प्लांटर आकर्षण का केंद्र रहा ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इको क्लब प्रभारी श्रीमती अंबिका ठाकुर बर्मन एवं NSS प्रभारी डॉ. शगुफ्ता सिद्दीकी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग का संकल्प लेने के साथ हुआ।इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. रेश्मी वासनीकर, सुश्री भारती गायकवाड़, श्रीमती आराधना देवांगन, सुश्री रेणुका वर्मा, श्री टीकेश्वर पाटिल, सुश्री शिखा मड़रिया, वेणु साहू, डॉ. देबीलाल गौतम सहित कार्यालयीन स्टाफ सुश्री सीमा वर्मा, प्रयोगशाला परिचारक सुश्री आशा ठाकुर एवं रविकिशोर कंवर तथा महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।



