ग्राम खम्हरिया में मोटर पंप और केबल चोरी से सरपंच परेशान, अब गौठान में लगेगा सीसीटीवी कैमरा

अमलेश्वर। अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में गौठान में लगे मोटर पंप, केबल वायर और पाइप की लगातार चोरी होने से ग्राम पंचायत के सरपंच परेशान हैं। बार-बार चोरी की घटनाओं के कारण पंचायत को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, गांव की पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
सरपंच के अनुसार, कुछ दिन पहले अज्ञात चोर गौठान में लगे मोटर पंप का केबल वायर, मोटर और पाइप तक चोरी कर ले गए। चोर बोर के अंदर से पाइप खींचकर निकाल ले गए, जिससे पंचायत को नुकसान के साथ ही पेयजल व्यवस्था बनाए रखने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने सीसीटीवी कैमरे का सहारा
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान सरपंच अब गौठान परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाने की तैयारी कर रहे हैं। उनका मानना है कि कैमरे लगने से चोरी करने वालों की पहचान करने और घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
क्षेत्र में पुलिस का हाथ नहीं पहुंच रही अज्ञात चोर तक
सरपंच का कहना है कि लगातार चोरी होने के बावजूद अब तक अज्ञात चोरों का सुराग नहीं मिल पाया है। इससे पंचायत की चिंता बढ़ गई है। बार-बार मोटर पंप, केबल वायर और पाइप चोरी होने से न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि ग्रामीणों को पेयजल संबंधी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत की ओर से अब सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और गांव की पेयजल व्यवस्था सुचारु बनी रहे।



