पार्षद युजेंद्र साहू की पहल पर जनसहयोग से जर्जर सड़क की हुई मरम्मत, ग्राम वासियों को मिलेगी राहत

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा में मेन रोड से नंदी दुकान तक पहुंच मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों और मोहल्लेवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को देखते हुए वार्ड पार्षद युजेंद्र साहू की पहल एवं ग्रामीणों के जनसहयोग से आज सड़क के गड्ढों को भरकर कांक्रीटीकरण के माध्यम से मार्ग को दुरुस्त किया गया। इससे अब लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, जनसहयोग से निकला समाधान
मिली जानकारी के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद उक्त मार्ग पर गड्ढे हो गए थे। इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी। वार्ड पार्षद द्वारा संबंधित समस्या की शिकायत करने के बावजूद मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। आखिरकार पार्षद युजेंद्र साहू ने स्वयं पहल करते हुए जनसहयोग से सड़क की मरम्मत कराई और गड्ढों को भरकर मार्ग को आवागमन के लिए दुरुस्त किया।
मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी पहली प्राथमिकता : युजेंद्र साहू
वार्ड पार्षद युजेंद्र साहू ने कहा कि वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने सड़क की मरम्मत में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए जनसहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
सड़क की मरम्मत होने से मोहल्लेवासियों एवं ग्रामीणों में राहत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी इसी तरह समाधान किया जाएगा।



