अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

सेवा संकल्प अभियान के बीच भी नहीं जलीं कुम्हारी से परसदा बस्ती मार्ग की स्ट्रीट लाइटें, पार्षद की शिकायत बेअसर

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी में एक ओर सेवा संकल्प अभियान के तहत जनहित और जनसुविधाओं को लेकर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर परसदा कुम्हारी रेलवे फाटक से परसदा बस्ती तक पहुंच मार्ग की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दौरान भी मार्ग की लाइटें चालू नहीं हो सकीं। हैरानी की बात यह है कि वार्ड पार्षद डीकेन साहू द्वारा लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद पालिका प्रशासन की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पार्षद डीकेन साहू ने 5 अक्टूबर को अपने लेटर पैड पर आवेदन लिखकर नगर पालिका प्रशासन को समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने नवरात्रि पर्व को देखते हुए परसदा कुम्हारी रेलवे फाटक से परसदा बस्ती तक पहुंच मार्ग की बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें जल्द चालू कराने का आग्रह किया था। इसके बावजूद अब तक लाइटें चालू नहीं हो सकी हैं।

सेवा संकल्प अभियान के बीच मूलभूत सुविधा पर सवाल

नगर पालिका क्षेत्र में 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चल रहा है, लेकिन इस अभियान के दौरान भी महीनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू नहीं किया जा सका। नवरात्रि के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब एक निर्वाचित पार्षद के लिखित आवेदन पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो आम नागरिकों की शिकायतों पर पालिका प्रशासन कितनी गंभीरता से ध्यान देता होगा। लोगों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।

प्रमुख सचिव से शिकायत कर सकते हैं पार्षद

लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर पार्षद डीकेन साहू अब कुम्हारी आगमन के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा से शिकायत कर बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने की मांग कर सकते हैं। अब देखना होगा कि पालिका प्रशासन इस समस्या को लेकर कब तक कदम उठाता है और स्थानीय नागरिकों को अंधेरे से राहत मिल पाती है।

क्या कहते हैं पार्षद डीकेन साहू?

पार्षद डीकेन साहू ने कहा, “नगर पालिका प्रशासन को 5 अक्टूबर को पत्र लिखकर लंबे समय से बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने की मांग की गई थी। दुर्भाग्य की बात है कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान भी कुम्हारी से परसदा बस्ती तक बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू नहीं किया जा सका। नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण त्योहार में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब इस मामले में कुम्हारी आगमन पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा से शिकायत कर स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराने की मांग करेंगे।”

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!