अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

वोट चोरी के खिलाफ जामुल और भिलाई-3 चरोदा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग

दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर संचालित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के द्वितीय चरण के तहत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अंतर्गत जामुल और भिलाई-3 चरोदा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर साइकिल रैली और पदयात्रा निकाली गई। कांग्रेसजनों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी करने और पद से हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन कर विरोध भी दर्ज कराया गया।

 

कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर चिंता जताई। पार्टी ने मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा, पारदर्शी चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने और पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

जामुल में साइकिल रैली की अगुवाई करते नजर आए जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर

जामुल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर साइकिल लेकर रैली में शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली के माध्यम से मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र बचाने का संदेश दिया। रैली के दौरान केंद्र सरकार एवं निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेसजनों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की। इस दौरान पुतला दहन कर कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जताया।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सबसे बड़ी ताकत है। यदि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उनकी पारदर्शी जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी देश के प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता अनिवार्य है।

भिलाई-3 चरोदा में सिरसा गेट से एसडीएम कार्यालय तक निकाली पदयात्रा

इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई-3 चरोदा के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिरसा गेट से एसडीएम कार्यालय तक पदयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए तथा केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

पदयात्रा के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी करने और पद से हटाने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है।

राकेश ठाकुर ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल कांग्रेस का आंदोलन नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। लोकतंत्र में जनता की इच्छा सर्वोपरि होती है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठने वाले सवालों का निष्पक्ष जांच के माध्यम से समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

विभिन्न ब्लॉकों में जारी रहेगा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों में अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता को मताधिकार के महत्व, चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की रक्षा और मतदाताओं के अधिकारों के लिए उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद: प्रदर्शन के दौरान महापौर निर्मल कोसरे, कृष्णा चंद्राकर, सुजीत बघेल, श्रीकांत वर्मा, कमलेश साहू, करीम खान, प्रकाश ठाकुर, सुनीता चन्नैवार, सरोजनी चंद्राकर, मन्नु यादव, ओकार निर्मलकर, अशोक वर्मा, सबीहा खान, सुमन वर्मा, द्रोपती साहू, संजय देशलहरे, उमेश साहू, ओमी मह्विलांग, गज्जू साहू, तिलेश्वर देवांगन, मीनू ताम्रकर, चन्द्रशेखर शर्मा, विकास यादव, कृष्ण निषाद, सीता ठाकुर, प्रमिला साहू, दीपक साहू, दिनेश निर्मलकर, सोनू बर्मन, गौतम ठाकुर, जय साहू, अभिषेक जागड़े, दीपक घिल्लाहरे, जीवराखन वर्मा, बालक दास, प्रवीण देवांगन, साहिल वर्मा, राहुल पाल, लेखराज, राहुल साहू, सोमेश, विकास, सागर, रेणुका नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!