पाटन में ग्राम पंचायतों को बिजली कनेक्शन बहाल कराने मिलेगी राहत, जेई को आवेदन कर जोड़े कनेक्शन/नीलम राजेश चंद्राकर
पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत आने वाली विभिन्न ग्राम पंचायतों में बिजली बिल बकाया होने के कारण विद्युत कनेक्शन काटे जाने का मामला सामने आया है। इसका असर अब ग्राम पंचायतों की पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति के लिए उपयोग किए जाने वाले मोटर पंपों के बिजली कनेक्शन काट दिए जाने से ग्रामीणों के सामने पानी की समस्या उत्पन्न होने की आशंका बढ़ गई है।
इस संबंध में सांसद विजय बघेल के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने जिला पंचायत दुर्ग के सामान्य सभा में बात रखी जिसे विभागीय अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायतों को बिजली कनेक्शन पुनः जुड़वाने के लिए संबंधित विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को लिखित आवेदन देना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार बिजली कनेक्शन बहाल करने की प्रक्रिया की जाएगी।
श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने कहा कि कि ग्राम पंचायतों को राहत प्रदान करने के लिए शासन स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके तहत संबंधित पंचायतों के बिजली कनेक्शन पुनः जोड़ने की प्रक्रिया पर अमल किया जा रहा है।
बिजली कनेक्शन बहाल होने से ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। ऐसे में संबंधित ग्राम पंचायतों को जल्द से जल्द विद्युत विभाग के जेई के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।



