शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेलीगुंडरा में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ पर युवा संसद कार्यक्रम आयोजित
पाटन। विकासखंड पाटन अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेलीगुंडरा में शनिवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र दुर्ग के तत्वावधान में ‘पड़ोस युवा संसद’ (NEIGHBORHOOD YOUTH PARLIAMENT) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नशामुक्ति फॉर विकसित भारत’ रही। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकार, इससे होने वाली बीमारियों, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा नशे से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश भाले उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य पी. गायकवाड़ शामिल हुए।
नशे से दूर रहकर लक्ष्य के साथ करें पढ़ाई
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी क्षितिज ने युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कर संगठन से जुड़ने तथा इसके माध्यम से आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।
रिसोर्स पर्सन एवं मास्टर ट्रेनर जितेन्द्र सोनी ने नशे के विभिन्न प्रकारों और उसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं राजलक्ष्मी मैडम ने नशे के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर प्रकाश डाला। शिक्षक खिलेंद्र चंद्राकर ने भी विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया।
चुटकुलों के माध्यम से दी माय भारत की जानकारी
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं कार्यालय सहायक ढालसिंह साहू ने रोचक चुटकुलों और सरल उदाहरणों के माध्यम से माय भारत के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखकर निर्धारित बॉक्स में अपने विचार भी प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि योगेश भाले ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य पी. गायकवाड़ ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक खिलेंद्र चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक नेहा चंद्रशेखर महलवार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण का विशेष सहयोग रहा।



