अमलेश्वर-कुम्हारी की क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत पूरी, आवागमन हुआ सुगम

अमलेश्वर, कुम्हारी। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर और नगर पालिका परिषद कुम्हारी को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत आखिरकार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पूरी कर ली है। दशहरा पर्व से पहले सड़क की मरम्मत होने से अब इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिली है। दो पहिया वाहन चालक पहले की तुलना में आसानी से इस मार्ग से आवाजाही कर सकेंगे।
गौरतलब है कि लंबे समय से इस मार्ग की पुलिया और एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त थी। बरसात के दौरान सड़क का हिस्सा उखड़कर बह जाने से आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। विशेषकर बारिश के मौसम में लोगों को आवाजाही करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लोक निर्माण विभाग ने दशहरा पर्व से पहले क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत कर इसे आवागमन योग्य बना दिया है।
मरम्मत से मिली राहत, स्थायी पुल निर्माण की दरकार
एप्रोच रोड की मरम्मत से लोगों को फिलहाल राहत जरूर मिली है, लेकिन क्षतिग्रस्त पुल का स्थायी निर्माण अब भी नहीं हो पाया है। ऐसे में बरसात के मौसम में दोबारा आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पहल करते हुए पुल निर्माण की दिशा में प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता है।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग द्वारा पुल निर्माण के लिए प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, लेकिन शासन से प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद ही पुल के स्थायी निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा।
शिक्षक और विद्यार्थियों को होती है सबसे अधिक परेशानी
इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले आम नागरिकों के साथ-साथ शिक्षक और विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के दिनों में क्षतिग्रस्त पुल के कारण उनकी आवाजाही प्रभावित होती है। ऐसे में पुल का स्थायी निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित जनप्रतिनिधि और शासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने की पहल करेंगे, ताकि पुल का निर्माण पूरा हो सके और अमलेश्वर-कुम्हारी मार्ग पर आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो।



