25 अक्टूबर को निकलेगी जिला साहू संघ दुर्ग की सामाजिक सद्भावना यात्रा

पाटन। जिला साहू संघ दुर्ग के तत्वावधान में 25 अक्टूबर को जिला अध्यक्ष नंदलाल साहू के नेतृत्व में सामाजिक सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भावना को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक संस्कारों एवं समाज की नियमावली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यात्रा के माध्यम से समाज के लोगों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी विश्वास और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामाजिक सद्भावना यात्रा दुर्ग से प्रारंभ होकर पाटन तहसील के पांचों परिक्षेत्रों के विभिन्न गांवों से होकर गुजरेगी। तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने बताया कि यात्रा सुबह 10 बजे अरसनारा परिक्षेत्र के ग्राम सेलूद पहुंचेगी। यहां समाज परिवार की ओर से पारिवारिक संस्कारों एवं समाज की नियमावली के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके पश्चात सुबह 11 बजे यात्रा जामगांव आर परिक्षेत्र पहुंचेगी।
यात्रा के अगले पड़ाव में दोपहर 12:30 बजे बेल्हारी परिक्षेत्र के ग्राम आगेसरा में वृंदा देवी के दर्शन किए जाएंगे। यहां भोजन अवकाश के बाद दोपहर 2 बजे तेलीगुंडरा परिक्षेत्र के ग्राम कौही पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे ठकुराइन टोला में भगवान के दर्शन कर समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की जाएगी।
इसके पश्चात दोपहर 3:45 बजे यात्रा झीट परिक्षेत्र पहुंचेगी, जहां सामाजिक परिचर्चा के माध्यम से समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यात्रा का समापन शाम 5 बजे शिव मंदिर देवबलौदा में होगा।
समाज को संगठित करने का प्रयास
जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने कहा कि सामाजिक सद्भावना यात्रा के माध्यम से समाज में जनजागरण लाने, सामाजिक संस्कारों को प्रोत्साहित करने तथा आपसी विश्वास और एकजुटता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को संगठित करने और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यात्रा को सफल बनाने के लिए तहसील साहू संघ पाटन के पदाधिकारियों, पांचों परिक्षेत्रों के पदाधिकारियों एवं 99 इकाइयों के पदाधिकारियों से उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।



