झीट–जामगांव एम मार्ग जर्जर, हादसे का खतरा बढ़ा; मरम्मत नहीं होने से लोगों में आक्रोश

पाटन/झीट। उत्तर पाटन के प्रमुख गांव झीट और जामगांव एम को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। जर्जर मार्ग के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जामगांव एम के विद्यार्थियों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात समाप्त होने के बाद भी लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। इसे लेकर लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नहर किनारे सड़क, दुर्घटना हुई तो बढ़ सकता है खतरा
इस मार्ग को लेकर सबसे बड़ी चिंता इसकी भौगोलिक स्थिति है। सड़क नहर के किनारे से होकर गुजरती है। ऐसे में यदि जर्जर सड़क के कारण कोई वाहन अनियंत्रित होता है, तो उसके सीधे नहर में गिरने की आशंका बनी रहती है। इससे गंभीर दुर्घटना होने का खतरा है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा? ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि संभावित हादसों को रोकने के लिए सड़क का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।



