भारी बारिश की चेतावनी के बीच दुर्ग जिले के स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित
दुर्ग। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी एवं दैनिक समाचारों में जारी पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आगामी 24 घंटे में दुर्ग सहित बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, रायपुर, महासमुंद और अन्य जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ हवा की गति भी बढ़ सकती है।
मौसम की स्थिति और चक्रवाती तूफान व अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर दुर्ग जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं बीएसपी संचालित प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों पर लागू होगा।
आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश कलेक्टर दुर्ग की अनुमति से जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों एवं सभी विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रधानपाठकों को आदेश की सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



