सुवा नृत्य की परंपरा को सहेज रहीं नन्हीं बच्चियां, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर ने किया सम्मानित

अमलेश्वर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक लोककला सुवा नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ा रहीं नन्हीं बच्चियों का अमलेश्वर मंडल भाजपा अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर ने सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
दीपावली के पावन अवसर पर नन्हीं बच्चियां पारंपरिक सुवा गीतों की मधुर धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर रही हैं। बच्चियां घर-घर और दुकानों में पहुंचकर सुवा नृत्य के माध्यम से लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दे रही हैं तथा उनके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रही हैं।



इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर ने बच्चियों की सराहना करते हुए कहा कि सुवा नृत्य छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकपरंपरा और सांस्कृतिक पहचान है। नई पीढ़ी के बच्चों द्वारा इस परंपरा को जीवंत बनाए रखना सराहनीय है। ऐसे प्रयासों से हमारी लोककला और संस्कृति आने वाली पीढ़ियों तक संरक्षित रहेगी।



