अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए , परिधि शर्मा को “युवा रत्न सम्मान”

रायपुर,अम्लेश्वर : राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्राम अमलेश्वर (जिला दुर्ग) की परिधि शर्मा को “युवा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। परिधि शर्मा को यह पुरस्कार माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के हाथों प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का आयोजन राज्य प्रशासन के सहयोग से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए इस वर्ष 8 युवाओं और 1 संगठन को सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि परिधि ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में शिक्षा प्राप्त की है और वे यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडलिस्ट रही हैं। उन्होंने स्नातक स्तर पर दो स्वर्ण पदक तथा परास्नातक स्तर पर चार स्वर्ण पदक अर्जित किए। वर्ष 2022–23 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ छात्रा के रूप में चयनित किया गया, जिसके लिए विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

कोविड-19 के दौरान “पढ़ई तुहर दुवार” अभियान के अंतर्गत उन्होंने मोहल्ला शिक्षा केंद्र में ‘शिक्षा सारथी’ के रूप में कार्य किया, जिसका निरीक्षण तत्कालीन मुख्यमंत्री माननीय भूपेश बघेल जी ने भी किया था। परिधि ने भारत की संसद भवन में आयोजित नेशनल यूथ पार्लियामेंट फेस्टिवल में दो बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया और केंद्रीय कक्ष में अपना वक्तव्य भी प्रस्तुत किया। पुणे में आयोजित भारतीय छात्र संसद में 25 वक्ताओं में चयनित होकर उन्होंने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।

विश्वविद्यालय स्तर पर उन्होंने नेशनल इंटर-यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में दो बार काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व कर पुरस्कार अर्जित किए। इसके अतिरिक्त, वे “काशी तमिल संगमम” में भाषण प्रतियोगिता हेतु अपने वक्तव्य के लिए केंद्रीय मंत्री माननीय श्री अश्विनी वैष्णव जी से भी सम्मानित हो चुकी हैं। वहीं, अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान परिधि को प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर जी, पूर्व मुख्यमंत्री माननीय श्री रमन सिंह जी, तत्कालिन शिक्षामंत्रियों श्री केदार कश्यप जी, श्री प्रेमसाय सिंह जी समेत कई मंत्रियों द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।

समारोह में परिधि ने सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए प्रेरणादायी है और जिम्मेदारी बढ़ाने वाला अवसर भी है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री, राज्य प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के दिन यह सम्मान मिलना उनके लिए विशेष गौरव की बात है।

उल्लेखनीय है कि यह सम्मान इस वर्ष शुरू की गई पहल के तहत प्रदान किया गया, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा को मंच देना, उन्हें प्रोत्साहित और सम्मानित करना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!