प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिलाई-03 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन करने की उठी मांग
एक लाख से अधिक आबादी, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे स्टेशन और बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग

चरौदा-भिलाई, 11 मई 2026। शासन के सुशासन शिविर में प्राप्त जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की मांग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिलाई-03 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उन्नयन करने का प्रस्ताव तैयार कर जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, दुर्ग को भेजा गया है।
प्रस्ताव के अनुसार मिलाई-03 एवं चरौदा सेक्टर की संयुक्त आबादी लगभग 1,07,139 है, जबकि स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत 13 ग्रामों की लगभग 23,923 की अतिरिक्त आबादी भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इस केंद्र पर निर्भर है। वर्तमान में यहां छह बिस्तरों वाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है, जहां प्रतिदिन 180 से 210 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं तथा प्रतिमाह लगभग 30 सामान्य प्रसव कराए जाते हैं।
यह स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे स्टेशन, पुलिस थाना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत करना जनहित में आवश्यक माना गया है।
प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि मिलाई-03 से निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काफी दूरी पर स्थित हैं, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों को उपचार के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं, बेहतर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाएं तथा आपातकालीन उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक मापदंडों एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के आधार पर प्रस्ताव अग्रिम कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर दिया है।



