अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित छत्तीसगढ़ के प्रथम निःशुल्क कोचिंग सेंटर ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पाटन, दुर्ग 06 अगस्त। ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित छत्तीसगढ़ का प्रथम निःशुल्क कोचिंग सेंटर “समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास, आगेसरा” ने अपनी प्रथम स्थापना वर्षगांठ को जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ यादगार बना दिया। संस्था द्वारा 100 विभिन्न प्रजातियों के औषधीय, छायादार एवं फलदार वृक्षों का पौधारोपण कर हरित भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल की गई।

जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत आने वाले इस ग्राम की विशेष बात यह रही कि लगाए गए सभी पौधों की ऊँचाई लगभग 4 से 5 फीट थी, जिससे उनके शीघ्र विकसित होने की संभावना अधिक मानी जा रही है। यह वृक्षारोपण अभियान ग्राम पंचायत आगेसरा के सहयोग से माँ वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम प्रांगण एवं मुक्तिधाम परिसर में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का सामूहिक संकल्प लेना भी था। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बच्चों को प्रकृति संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

सरपंच एवं संस्थापक रमाकांत साहू ने कहा कि समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास पिछले एक वर्ष से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित यह अभियान संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता और हरित भविष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

कार्यक्रम के अंत में रमाकांत साहू ने सभी उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों, सहयोगियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और समाजहित के ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर सरजू राम साहू, नंदकुमार पटेल, जसवंत साहू, कमलेश्वर साहू, सियाराम साहू, विजय सोनी, छबलू साहू, संजू साहू, पूनम पटेल, खिलेश्वर साहू, संतोष साहू, भानु साहू, पोषण पटेल, ईश्वरी साहू, प्रेमलता साहू सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!