छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने पर महेन्द्र साहू का सम्मान, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवा मंच में किया सम्मानित
रायपुर। राज्य में छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर बेहतर एवं पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए पंचायत सचिव संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र कुमार साहू को “युवा मंच सम्मान” से नवाजा गया।
यह सम्मान शुक्रवार को होटल पिकाडिली, रायपुर में ITV नेटवर्क / India News द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “युवा मंच कार्यक्रम” में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। श्री शर्मा गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री भी हैं।



कार्यक्रम में बताया गया कि श्री साहू ने दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, सोलर योजना और ग्रामीण विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई है।
विशेष रूप से दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड में श्री साहू ने एक सामाजिक कार्यकर्ता व सचिव संघ के जिलाध्यक्ष होने के नाते हजारों नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रयासों से हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल रहा है
इसके अलावा श्री साहू ने पंचायतों में डिजिटल भुगतान, स्वच्छता अभियान, मनरेगा में पारदर्शिता और महिला स्व-सहायता समूहो को मजबूत करने के लिए भी सराहनीय कार्य किए हैं।
इस गौरवपूर्ण सम्मान से प्रदेश भर के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने श्री साहू को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे पंचायत संवर्ग का सम्मान है।



