देवबलौदा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 16, अगस्त को होगा कांवड़ यात्रा

भिलाई -3। नगर निगम भिलाई-3 चरोदा क्षेत्र स्थित देवबलौदा के प्राचीन शिव मंदिर में सावन के पावन माह में भगवान शिव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। लंबी लाइन के चलते भक्तों को दर्शन के लिए काफी मशक्कत भी करनी पड़ रही है।
वहीं, 16 अगस्त को देवबलौदा में सावन मेला कांवड़ यात्रा आयोजित किया जा रहा है। मेले में बड़ी संख्या में शिव भक्तों के पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।साथ ही 17 अगस्त को सावन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है साथ छत्तीसगढ़ी भजन कीर्तन सम्राट कामता प्रसाद शरण की भव्य प्रस्तुति होगी।




मिली जानकारी के अनुसार, महापौर निर्मल कोसरे के नेतृत्व में प्राचीन कुवां चरोदा बस्ती से जल लेकर कांवर यात्रा देवबलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचेगी। कांवड़ यात्रा में निगम क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं शिव भक्त शामिल होंगे।
सावन मेला और कांवर यात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।



