23 अगस्त को घुघवा (नारायणपुर) से देवबलौदा तक निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा, गूंजेगा ‘हर हर महादेव’ का जयघोष

पाटन। भगवान शिव के प्रति आस्था, श्रद्धा और भक्ति को समर्पित विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन आगामी 23 अगस्त 2026, रविवार को सनातन जागरण समिति पाटन के संयोजक प्रणव शर्मा के तत्वावधान में किया जाएगा। यात्रा का शुभारंभ प्रातः 8 बजे ग्राम नारायणपुर (घुघवा-क) स्थित शीतला तालाब से जल भरकर किया जाएगा। श्रद्धालु कांवड़ लेकर देवबलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचेंगे और भगवान शिव का पवित्र जल से जलाभिषेक करेंगे।
कांवड़ यात्रा के दौरान ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। यात्रा नारायणपुर (घुघवा-क) से प्रारंभ होकर बड़े औंरी, नारधी होते हुए देवबलौदा के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचेगी।
भव्य झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
कांवड़ यात्रा में भगवान शिव से संबंधित भव्य एवं आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शिवभक्त कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल होंगे तथा जयघोष के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करेंगे। मार्ग में श्रद्धालुओं के स्वागत सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। देवबलौदा में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी।
सनातन जागरण समिति ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों, युवाओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस पावन यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। ऐसी धार्मिक यात्राएं समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं।
यात्रा के संयोजक प्रणव शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी शिवभक्त परिवार सहित इस पावन यात्रा में सहभागी बनें और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
विशाल कांवड़ यात्रा
📅 दिनांक: 23 अगस्त 2026, रविवार
⏰ समय: प्रातः 8 बजे
📍 प्रारंभ: ग्राम नारायणपुर (घुघवा-क)
📍 गंतव्य: देवबलौदा प्राचीन शिव मंदिर
🕉️ आयोजक: सनातन जागरण समिति, पाटन
🙏 संयोजक: प्रणव शर्मा
“बोल बम… बोल बम… हर हर महादेव!”



