छातागढ़ मंदिर परिसर में 6 सितंबर को होगा ‘गौ विज्ञान एवं स्वास्थ्य कथा’ का आयोजन
दुर्ग/मोहलाई। ग्राम मोहलाई स्थित प्राचीन छातागढ़ मंदिर परिसर में आगामी रविवार, 6 सितंबर 2026 को ‘गौ विज्ञान एवं स्वास्थ्य कथा’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन गोविंद गोदाम एवं पंचगव्य पारंपरिक आरोग्य केंद्र, ग्राम मोहलाई, दुर्ग तथा गायत्री परिवार, जिला दुर्ग एवं पंचगव्य डॉक्टर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में गव्यसिद्धाचार्य डॉ. निरंजन वर्मा गुरुजी, कुलपति, पंचगव्य विद्यापीठम्, कांचीपुरम, तमिलनाडु, अपनी अमृतवाणी के माध्यम से गौ विज्ञान, पंचगव्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम में श्री अजय कल्याणी, निदेशक, कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र एवं रामशीला की कुटिया (वृद्धाश्रम), मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान जय प्रकृति मां पंचगव्य पारंपरिक आरोग्य केंद्र, ग्राम मोहलाई का उद्घाटन भी किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 11 बजे तक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन, 11 से 11:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों का स्वागत, 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक आचार्य जी के श्रीमुख से कथा व्याख्यान तथा दोपहर 1:30 से 3:45 बजे तक पंचगव्य चिकित्सा से लाभान्वित मरीजों से वार्तालाप एवं रोग-चिकित्सा संबंधी प्रश्नोत्तरी होगी। कार्यक्रम का समापन शाम 3:45 से 4:15 बजे तक आभार एवं समापन के साथ होगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौ विज्ञान, पंचगव्य चिकित्सा एवं प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धति से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।






