रायपुर, 11 सितंबर 2026। जिला सिविल कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन, रायपुर द्वारा भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 16 से 18 सितंबर 2026 तक गांधी मैदान, बूढ़ापारा, रायपुर में आयोजित होगा। समारोह की थीम “मजदूरों, कर्मवीरों, शिल्पकारों, कलाकारों के आदरार्थ” रखी गई है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष शिवनारायण ताम्रकार ने बताया कि समारोह का उद्देश्य भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ श्रमिकों, कर्मकारों, कारीगरों, कलाकारों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित करना है।
समारोह में मुख्य अतिथि श्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रायपुर लोकसभा एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री होंगे। वहीं रायपुर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक एवं जनप्रतिनिधि सहित अनेक विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।


तीन दिनों तक होंगे विविध कार्यक्रम
16 सितंबर, बुधवार को शाम 4 बजे भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के आगमन एवं स्वागत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
17 सितंबर, गुरुवार को सुबह 11 बजे मूर्ति स्थापना, ठेकेदारों का स्वागत एवं पंजीयन, स्वास्थ्य शिविर, लेबर हित (कार्ड) शिविर, भंडारा, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण तथा कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। शाम 6 बजे भव्य आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम 7 बजे लोक गायिका अलका चंद्राकर की विशेष प्रस्तुति होगी।
कार्यक्रम में रमा चौधरी एवं आशा चंद्राकर द्वारा संगीत भजन, चेतन देवांगन की पंडवानी गायन प्रस्तुति, छत्तीसगढ़ी कवि मीर अली एवं संजय शर्मा की प्रस्तुति, अमेरी राइट नाचा, डोमा पंथी नाचा सहित विभिन्न भजन मंडलियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
18 सितंबर, शुक्रवार को दोपहर 1 बजे भव्य शोभायात्रा एवं भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का महादेव घाट में विसर्जन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार समारोह में श्रमिकों, कलाकारों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ स्वास्थ्य, रक्तदान, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे।
आयोजक: जिला सिविल कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन, रायपुर।






