अच्छी बारिश से लहलहा उठे खेत, पर्याप्त पानी नहीं मिला तो किसानों की बढ़ सकती है चिंता

पाटन। पाटन ब्लॉक में इस वर्ष अच्छी बारिश होने से धान की फसल की स्थिति बेहतर नजर आ रही है। खेतों में धान की फसल लहलहा रही है, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी है। हालांकि, अब फसल पकने के अंतिम चरण में पहुंच रही है और ऐसे में पर्याप्त पानी मिलना बेहद जरूरी है।
जिले में हरहुना किस्म का धान लगभग पककर तैयार हो गया है। किसान दशहरा के आसपास या उसके बाद इसकी कटाई शुरू कर सकते हैं। वहीं, माई धान की फसल को पकने में अभी कुछ समय लगेगा। इस किस्म के धान को अभी पानी की आवश्यकता है, ताकि फसल अच्छी तरह पक सके और किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सके।
एक पानी की जरूरत, नहीं मिला तो हो सकता है नुकसान,नहर पानी पर भरोसा
किसानों के अनुसार, इस वर्ष लगातार अच्छी बारिश होने से धान की फसल की बढ़वार अच्छी हुई है। खेतों में फसल की स्थिति भी संतोषजनक है, लेकिन माई धान की फसल के लिए अभी एक बार और पानी की आवश्यकता महसूस की जा रही है। यदि समय पर नहर नाली का पर्याप्त पानी मिल जाता है, तो फसल के अच्छी तरह पकने और बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। वहीं, पानी की कमी होने पर धान के दाने पूरी तरह विकसित नहीं हो पाने तथा उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
मौसम और नहर पानी पर टिकी किसानों की उम्मीदें
धान की फसल के अंतिम चरण में किसानों की नजर अब मौसम और खेतों में नमी पर टिकी हुई है। अच्छी बारिश से इस वर्ष किसानों को बेहतर पैदावार की उम्मीद जगी है, लेकिन माई धान की फसल को समय पर पानी मिलना भी जरूरी है। किसानों को उम्मीद है कि फसल पकने तक खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी, जिससे मेहनत का उचित फल मिल सकेगा।



