ग्राम जमराव में आदिवासी गोंड समाज की ‘फूल कुचरने’ का पारंपारिक रस्म संपन्न
जमराव ,अमलेश्वर। दीपावली महोत्सव के शुभ अवसर पर ग्राम पंचायत जमराव ,पाटन में आदिवासी गोंड समाज द्वारा अपनी प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप गौरा चौरा में पारंपरिक ‘फूल कुचरने’ की रस्म श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जमराव की सरपंच श्रीमती जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर शामिल हुईं। उन्होंने समाज के लोगों के साथ इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता की और गोंड समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों एवं परंपराओं की सराहना की।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में आदिवासी गोंड समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



