जिला स्तरीय तिलहन मेले में सांसद विजय बघेल ने किसानों को किया संबोधित, कहा- किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़

पाटन। कृषि विभाग द्वारा खूबचंद बघेल सभागार, अटारी पाटन में जिला स्तरीय तिलहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में किसानों को कृषि विशेषज्ञों द्वारा तिलहन फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान, उनके उपचार तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा और भारत को कृषि प्रधान देश कहा जाता है। देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों और मजदूरों की चिंता करते हुए उनके हित में लगातार योजनाएं बना रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम देश की अर्थव्यवस्था में देखने को मिल रहा है।

श्री बघेल ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का युग है। कृषि क्षेत्र में आधुनिक उपकरणों और नई तकनीकों के उपयोग से किसान उन्नत किस्म की फसलें तैयार कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने हाल ही में प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है। फसल क्षति से प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा जैविक खाद को प्राथमिकता देने की अपील की, ताकि खेती की गुणवत्ता और मिट्टी की उर्वरता बनी रहे।
इस अवसर पर किसानों को सरसों के बीज किट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष श्रीमती निशा सोनी, केवल देवांगन, जनपद सभापति रवि सिन्हा, प्रकाश बिजौरा, सहायक संचालक सुमन कोर्राम, राजा पाठक, रूप सिंह सिन्हा, वीरेंद्र साहू, डेहरलाल, मुकेश मढ़रिया, मानधाता वर्मा, मनीष साहू, हरीश वर्मा, शीतल साहू, नागेश कश्यप, सुनील वर्मा, रूपेंद्र साहू, छगन साहू, ममता वर्मा, योगेश वर्मा, झरना चंद्राकर, सतीश वर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन परमेश साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन वरिष्ठ कृषि अधिकारी पुष्पा राम टेके ने किया।



