अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

दीपावली की भीड़ में बिछड़ा 4 वर्षीय मासूम, यातायात पुलिस की तत्परता से मां की गोद में लौटा

दुर्ग। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों और चौक-चौराहों पर उमड़ रही भीड़ के बीच यातायात पुलिस दुर्ग ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। सुपेला चौक पर ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों को करीब 4 वर्षीय एक मासूम बच्चा अकेले रोते हुए मिला। पुलिस आरक्षकों ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।

जानकारी के अनुसार, सुपेला चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे आरक्षक भापेन्द्र साहू एवं अजय मंडावी को दीपावली की भीड़ के बीच मासूम बच्चा अकेले रोता हुआ दिखाई दिया। दोनों आरक्षकों ने तत्काल बच्चे को संभाला और उससे परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद यातायात जोन आकाशगंगा के माध्यम से बच्चे की पहचान मोहम्मद रिजवान, पिता मुख्तार कुरैशी, निवासी लक्ष्मी मार्केट सुपेला के रूप में हुई।

पुलिसकर्मियों ने बच्चे की माता पिंकी बेगम से संपर्क कर मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द किया। अपने बिछड़े हुए बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर मां ने राहत की सांस ली और आरक्षक भापेन्द्र साहू, अजय मंडावी सहित दुर्ग पुलिस के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यातायात पुलिस दुर्ग की इस तत्परता और संवेदनशील पहल की सराहना हो रही है। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही पुलिसकर्मियों ने मानवीय जिम्मेदारी का भी बखूबी निर्वहन किया।

यातायात पुलिस की अपील: दीपावली सहित अन्य त्योहारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अभिभावक छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें। किसी भी आपात स्थिति या इस प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!