मुरूम माफिया का कारनामा, विद्युत पोल के अस्तित्व खतरे में, खनिज विभाग मौन

अम्लेश्वर : जनपद पंचायत पाटन के ग्राम पंचायत कापसी (झीट) में मुरूम माफिया के द्वारा लगातार खनन किया जा रहा है, जिससे विद्युत पोल के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मुरूम माफिया रात और दिन में बेधड़क खनन कर रहे हैं, जिससे शासन को लाखों का नुकसान हो रहा है।

मुरूम माफिया के द्वारा विद्युत पोल की अनदेखी कर खनन किया जा रहा है, जिससे पोल का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। यदि मुरूम खनन करते हुए पोल गिरता है, तो जान माल की हानि तो होगी ही, साथ ही शासन को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है और लोगों को अंधेरे में भी रहना पड़ सकता है।
इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों का हाथ नहीं पहुंच पा रहा है, और वे मौन साधे हुए हैं। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए और मुरूम माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, विद्युत पोल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।








