कुम्हारी पालिका ने किया “सफाई अपनाओ बीमारी भगाओ अभियान -2025” का शुभारंभ
कुम्हारी : भारत सरकार द्वारा दिनांक 01 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक “सफाई अपनाओ- बीमारी भगाओ अभियान 2025” का आयोजन किया गया है, जिसके परिपालन में नगर पालिका परिषद कुम्हारी में सफाई अपनाओ- बीमारी भगाओ अभियान 2025 का शुभारंभ पालिका परिसर में हरि झंडी दिखाकर किया गया। उक्त कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा , मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर सहित समस्त पार्षदगण एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं जन भागीदारी, जिला समन्वयक गौरव केशरवानी, एवं समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे, कार्यक्रम में स्वच्छता के मुख्य बिंदुओं के बारे में बताया गया, एवं बीमारी से बचने और आस पास को स्वच्छ बनाए रखने हेतु उपाय बताए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य डेंगू , मलेरिया एवं चिकनगुनिया आदि बीमारियों के रोक थाम हेतु सतत् स्वच्छता (Preventive Cleanliness) पर ध्यान केंद्रित करते हुए नागरिकों को जल जनित तथा वेक्टर जनित बीमारियों के रोकथाम हेतु स्वच्छता को एक सचेत प्रबुद्ध एवं प्रभाव विकल्प के रूप में चयनित करने हेतु प्रोत्साहित किया जाना है।
सफाई अपनाओ बीमारी भगाओ (SABB) अभियान-2025 का उद्देश्य मिशन के आदर्श सिद्धांत ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ को आगे बढ़ाना है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी द्वीआयामी दृष्टिकोण पर जोर है, जिसमें नागरिकों और शहरी स्थानीय निकायों को मानसून से पहले एवं मानसून के दौरान बेहतर स्वच्छता व्यवस्थाएं अपनाने को प्रेरित करना शामिल है, ताकि जल जनित और वेक्टर जनित बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
उक्त कार्यक्रम मुख्यतः 6 बिंदुओं पर आधारित है जिनमे स्वच्छ हाथ, स्वच्छ घर, स्वच्छ पड़ोस, स्वच्छ शौचालय, स्वच्छ नालिया, जल निकाय एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल जिस हेतु नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे स्वच्छता बनाए रखें और खासकर बच्चों में नियमित रूप से हाथ धोकर जल एवं वेक्टर जनित बीमारियों को रोकें, हर समय उचित एवं स्वच्छ शौचालय की आदत बनाए रखें , नालियों को जाम न होने दें, अपने आस-पड़ोस में कचरा न डालें, घर के अंदर पानी जमा होने से रोकें, कूड़ा-कचरा फैलाने से बचें और सार्वजनिक स्थानों पर सूखे-गीले कचरे के लिए अलग-अलग कूड़ेदान के इस्तेमाल को बढ़ावा दें ।








