कुम्हारी में बड़ा हादसा टला, केमिकल टैंकर पलटने से मचा हड़कंप
कुम्हारी/ रायपुर-दुर्ग फोरलेन पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। खारुन ग्रीन कॉलोनी के पास साबुन बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल लेकर जा रहा टैंकर पलट गया। टैंकर से रिस रहे केमिकल ने सड़क और कॉलोनी के लोगों को दहशत में डाल दिया। हालांकि समय रहते पुलिस और नगर पालिका प्रशासन ने स्थिति को काबू में कर लिया।
टायर फटने से पलटा वाहन
जानकारी के मुताबिक, मिनी ट्रक (सीजी 04 एलएफ 7015) रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहा था। ट्रक के पीछे डाले में केमिकल से भरा टैंकर लोड था। अचानक टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही पीछे रखा टैंकर सड़क पर गिर पड़ा और केमिकल बाहर फैलने लगा।



कॉलोनी के लोग दहशत में
टैंकर से रिसा केमिकल सड़क के रास्ते खारुन ग्रीन कॉलोनी तक पहुंच गया। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, अफरा-तफरी मच गई। यह आशंका बनी रही कि कहीं यह केमिकल ज्वलनशील न हो। लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में घबराहट का माहौल बन गया।
पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना प्रभारी योगेश्वर वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत सड़क को सुरक्षित किया और जाम हटाने की कार्रवाई शुरू की। नगर पालिका की टीम ने कॉलोनी और सड़क पर फैले केमिकल पर रेत की परत डलवाकर रिसाव को नियंत्रित किया।
एक घंटे तक लगा लंबा जाम
हादसे के चलते रायपुर-दुर्ग मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बाद में ट्रक को साइड में हटाकर यातायात बहाल किया गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।



