किसानों की न्यायसंगत मांगों के समर्थन में ‘दाम सत्याग्रह’ का आगाज़ : ढालेश साहू

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न किसान संगठनों ने बुधवार को रायपुर के आज़ाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष गांधी स्मृति सभा एवं किसान संवाद का आयोजन कर ‘दाम सत्याग्रह’ की विधिवत घोषणा की। इस अवसर पर किसान नेता ढालेश साहू ने कार्यक्रम में शामिल होकर आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया और किसानों की मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा।
किसान नेता ढालेश साहू ने कहा कि किसानों की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। दाम सत्याग्रह के माध्यम से किसानों द्वारा धान का भुगतान ₹3286 प्रति क्विंटल की दर से करने, पिछले वर्ष समर्थन मूल्य में घोषित ₹117 प्रति क्विंटल की बकाया अंतर राशि का तत्काल भुगतान करने तथा पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल की राजीव गांधी न्याय योजना की चौथी बकाया किश्त शीघ्र जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है।



उन्होंने केंद्र सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी देने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि जब तक MSP को कानून का संरक्षण नहीं मिलेगा, तब तक किसानों का शोषण बंद नहीं होगा। केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ठोस कानून से ही किसान की उपज और आय की सुरक्षा संभव है।
गांधी स्मृति सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न किसान संगठनों के वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्याग्रह आज भी किसानों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई का सबसे प्रभावी और नैतिक रास्ता है। वक्ताओं ने किसानों की जमीन, उपज और सम्मान की रक्षा के लिए संगठित एवं एकजुट संघर्ष पर बल दिया।
ढालेश साहू ने स्पष्ट किया कि यदि सरकारों ने किसानों की इन जायज़ मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो दाम सत्याग्रह को प्रदेशभर में गांव-गांव तक ले जाया जाएगा। उन्होंने सभी किसान, मजदूर और सामाजिक संगठनों से लोकतांत्रिक और अहिंसक तरीके से इस आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गांधी स्मृति सभा एवं किसान संवाद एक सकारात्मक शुरुआत है और आगामी दिनों में दाम सत्याग्रह के अंतर्गत प्रदेशभर में यात्राएं, सभाएं एवं प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख प्रतिनिधि :
प्रदेश किसान संघ के संयोजक सुदेश टीकम, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के राजकुमार गुप्ता, छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन के आलोक शुक्ला, किसान बंधु संगठन के टेक सिंह चंदेल, संयुक्त मोर्चा के रवि ताम्रकार, छत्तीसगढ़ मजदूर कार्यकर्ता समिति के महेश साहू, जिला किसान संघ राजनांदगांव से बिनेक मंडावी एवं चंदू साहू, किसान बंधु संगठन के अध्यक्ष आत्माराम साहू, जिला किसान संघ मोहला-मानपुर के बालसिंह आचला, आवास अधिकार कार्यकर्ता एवं किसान नेता ढालेश साहू, पारकर जी, देवलाल साहू, ईश्वरी नेताम, पुनु पटेल, संदीप भाई, गैंदलाल बलेसर, ठाकुर रूमलाल एवं अशोक साहू विशेष रूप से व सैकड़ों की संख्या में किसान मजदूर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मोतीलाल सिन्हा ने आभार व्यक्त किया।



