मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 22 जोड़ों का सामूहिक विवाह, नवदंपतियों को मिली 35-35 हजार की प्रोत्साहन राशि

अम्लेश्वर, पाटन। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत जामगांव एम एवं पाटन परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में लता कुंज, तर्रा में 22 जोड़े वर-वधुओं का सामूहिक आदर्श विवाह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच नवदंपतियों ने एक-दूजे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के उद्देश्य से सामूहिक आदर्श विवाह का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित इस समारोह में प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को शासन की ओर से 35-35 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।



समारोह में जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, जनपद पंचायत पाटन उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, जनपद सभापति श्रीमती भावना निषाद, श्रीमती सीता सुरेश निषाद, जनपद सदस्य श्रीमती कुसुमलता राकेश आडील, श्रीमती दामिनी राकेश साहू, श्रीमती संतोषी ठाकुर तथा सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नवदंपतियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके सुखद, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना समाज में सादगीपूर्ण विवाह की नई मिसाल बन रही है तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए यह योजना बड़ी राहत साबित हो रही है।
कार्यक्रम में राकेश आडील, राकेश साहू, सुरेंद्र वर्मा, सुरेश निषाद, विष्णु निषाद, तोरण साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में पाटन एवं जामगांव एम के परियोजना अधिकारियों तथा उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के समापन अवसर पर जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा ने नवदंपतियों की मौजूदगी में सादगीपूर्ण ढंग से अपना जन्मदिन मनाया। केक काटकर सभी के साथ खुशियां साझा की गईं और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी आत्मीय हो गया।



