अमलेश्वर में अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का अभियान, दुकानदारों को मिला अंतिम समय, सोमवार के बाद फिर चलेगी बुलडोजर

अमलेश्वर। अमलेश्वर नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से चर्चा का विषय बने अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार सुबह कार्रवाई शुरू की। अमलेश्वर नगर पालिका और पाटन प्रशासन की संयुक्त टीम संबंधित स्थानों पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की।
जानकारी के अनुसार, नगर में कई स्थानों पर लंबे समय से अवैध कब्जे किए गए हैं। कुछ लोगों द्वारा मैदानों में चेकर टाइल्स लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। प्रशासन की ओर से पहले भी नोटिस जारी कर कब्जाधारियों को समय दिया गया था, लेकिन कई लोग अब भी कब्जा हटाने को तैयार नहीं हुए हैं।



नगरवासियों का कहना है कि संबंधित स्थल से लेकर अटल चौक तक बड़े भू-भाग पर अतिक्रमण किया गया है, लेकिन राजस्व विभाग अब तक सख्त कार्रवाई करने से हिचकता नजर आ रहा है। वहीं, नगर के अन्य हिस्सों जैसे पाहंदा रोड, खुडमुड़ा रोड और शीतला विहार रोड में भी अवैध कब्जों की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कार्रवाई के दौरान जब अतिक्रमण हटाने की बारी आई तो दुकानदारों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनकी दुकानों में रखा कीमती सामान सुरक्षित निकालने के लिए कुछ समय दिया जाए। इस पर तहसीलदार पवन ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर और अमलेश्वर नगर पालिका के इंजीनियर ढालेंद्र सिंह ठाकुर ने दुकानदारों को सोमवार तक का अंतिम समय प्रदान किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका परिषद क्षेत्र में खारुन नदी महादेव घाट से थाना चौक तक सड़क किनारे गुमटी लगाकर दुकानदारी किए जाने के विरुद्ध भी बेदखली की कार्रवाई शुरू की गई। नगर पालिका के अधिकारी ढालेंद्र साहू के नेतृत्व में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस पेट्रोल पंप के सामने कार्रवाई आरंभ हुई। जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर देते हुए फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार पवन ठाकुर, नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी, नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू, राजस्व निरीक्षक संतोष राय, हल्का पटवारी शिवकुमार सोनी, पार्षद आलोक पाल, पूर्व उपाध्यक्ष उमेश साहू, पार्षद राजू सोनकर, स्थानीय दुकानदार रिंकू साहू, हरिशंकर शर्मा सहित अन्य दुकानदार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



