पाटन ब्लॉक की ग्रामीण सड़कें बदहाल, जर्जर मार्गों और अधूरे पुल-पुलियों से बढ़ी लोगों की परेशानी

पाटन। पाटन विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें इन दिनों बदहाल स्थिति से गुजर रही हैं। सड़कों के रखरखाव और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण कई प्रमुख मार्ग जर्जर हो चुके हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार ग्राम पंचायत झीट से जामगांव एम, जामगांव एम से करगा एवं गभरा तक जाने वाला मार्ग, वहीं फुंडा से गोडपेंड्री मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बरसात के मौसम में इन सड़कों पर गड्ढों और जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।



इसके अलावा पाटन विधानसभा क्षेत्र में कई पुल-पुलियों का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा हुआ है। परसदा से टोल प्लाजा कुम्हारी एवं चंदनडीह-रायपुर मार्ग पर अधूरे पुलिया का कार्य। वहीं मगरघटा-परसदा के बीच बने एप्रोच रोड और पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ संबंधित विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा अधूरे पुल-पुलियों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।



