एमआरएचआरयू झीट में सिकल सेल रोग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दी गई जांच व बचाव की जानकारी
पाटन,झीट, 23 जुलाई 2026। एमआरएचआरयू झीट में गुरुवार को स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय सिकल सेल रोग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिकल सेल रोग के कारण, लक्षण, वंशानुगत संचरण, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में डॉ. नेहा गुरबानी एवं डॉ. उपेंद्र भेले, प्रोजेक्ट साइंटिस्ट, एमआरएचआरयू झीट ने विद्यार्थियों को सिकल सेल रोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि समय पर जांच एवं जागरूकता के माध्यम से इस बीमारी के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस अवसर पर एमआरएचआरयू के स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों की सिकल सेल जांच भी की गई। साथ ही, सिकल सेल से पीड़ित एक व्यक्ति ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को इस बीमारी के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए सिकल सेल जागरूकता विषय पर प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा तथा इससे उनमें सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई।







