रानीतराई कन्या विद्यालय में 17 छात्राओं को मिली निशुल्क सरस्वती साइकिल, अतिथियों ने किया वृक्षारोपण
रानीतराई। विकासखंड पाटन अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीतराई में 25 जुलाई को राज्य शासन की निशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 17 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत रानीतराई के सरपंच सत्यनारायण टिकरिहा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास समिति के अध्यक्ष महेंद्र साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में शाला विकास समिति के संरक्षक अशोक शर्मा, विधायक प्रतिनिधि केजू राम निषाद, समिति सदस्य नीलमणि साहू एवं कामता प्रसाद ठाकुर उपस्थित रहे।



अतिथियों ने अपने करकमलों से विद्यालय की 17 छात्राओं को साइकिल प्रदान की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। अतिथियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए ईमानदारी और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि अब साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी।
अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जो छात्राएं उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण होंगी, उन्हें सम्मानित कर पुरस्कृत भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गीता सिंह, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



