तहसील स्तरीय तुलसी जयंती एवं सम्मान समारोह 23 अगस्त को बटंग में होगा आयोजित
अमलेश्वर,पाटन। तहसील मानस संघ पाटन के तत्वावधान में ग्राम बटंग में 23 अगस्त 2026, रविवार को तहसील स्तरीय तुलसी जयंती एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती मनाने के साथ-साथ मानस सेवा, सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रतिभागियों का सम्मान करना है।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन एवं शुभारंभ समारोह से होगा, जबकि समापन समारोह शाम 7 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में रामभक्त, धर्मानुरागी, मानस प्रेमीजन एवं ग्रामीणजन शामिल होंगे।



शुभारंभ सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल मुख्य अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला मानस संघ दुर्ग के अध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में तहसील मानस संघ पाटन के अध्यक्ष टीका राम साहू, ग्राम बटंग के सरपंच गैंदू वर्मा एवं उपसरपंच महेश्वरी वर्मा उपस्थित रहेंगी।
समापन समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अध्यक्षता जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक करेंगी। विशेष अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर, जिला मानस संघ दुर्ग के अध्यक्ष मेहत्तर वर्मा तथा जनपद सदस्य प्रणव शर्मा उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में तुलसी अलंकरण सम्मान, मानस मयंक सम्मान, मानस पथिक सम्मान एवं विशेष सहभागिता सम्मान प्रदान किए जाएंगे। साथ ही पंडवानी की विशेष प्रस्तुति चेतन देवांगन द्वारा दी जाएगी तथा वचनवाचन का आयोजन भी रखा गया है।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, मानस प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण CG भक्ति यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा।



