नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित, राष्ट्रीय शिक्षा नीति की दी गई विस्तृत जानकारी

रानीतराई। दुर्ग जिला अंतर्गत स्वर्गीय दाऊ रामचंद्र साहू शासकीय महाविद्यालय, रानीतराई में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य चंदन गोस्वामी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू उपस्थित रहे। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री निर्मल जैन तथा विशेष अतिथि के रूप में ग्राम रानीतराई के सरपंच श्री सत्यनारायण टिकरिहा एवं विधायक प्रतिनिधि श्री भविष्य जैन शामिल हुए।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के सदस्य तरुण साहू, संजय यादव, ईश्वर यादव, श्रीमती प्रेमलता चंद्राकर एवं श्रीमती भगवती साहू सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।




मुख्य अतिथि कमलेश साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल विषय विशेषज्ञ तैयार करने का केंद्र नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को समाज के प्रति संवेदनशील और जागरूक नागरिक भी बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया।
अतिविशिष्ट अतिथि निर्मल जैन ने कहा कि विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के सहयोग से महाविद्यालय निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। यहां विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य चंदन गोस्वामी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन एक नए चरण की शुरुआत है। यह उच्च शिक्षा का ऐसा विस्तृत और स्वतंत्र क्षेत्र है, जहां विद्यार्थियों के दृष्टिकोण, ज्ञान और व्यक्तित्व को नया आयाम मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर सही दिशा में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक प्रतिनिधि भविष्य जैन ने कहा कि विद्यालयीन शिक्षा के सीमित दायरे से निकलकर महाविद्यालय के खुले वातावरण में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को पूर्ण रूप से विकसित करने का अवसर प्राप्त होता है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) से संबंधित तकनीकी एवं शैक्षणिक जानकारियां दी गईं। इसमें पाठ्यक्रम संरचना, क्रेडिट सिस्टम, मूल्यांकन पद्धति, संकायवार विस्तृत जानकारी तथा महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड क्रॉस, रेड रिबन क्लब सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया तथा अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



