संत कबीर पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी, दही लूट व मटकी फोड़ ने बढ़ाया उत्साह
भिलाई-3 चरोदा। जी-केबिन चरोदा स्थित संत कबीर पब्लिक स्कूल में शनिवार, 29 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं जन्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित पालकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेनू राम साहू रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकुमार साहू ने की। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों को कृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।




दही लूट और मटकी फोड़ ने बढ़ाया उत्साह
जन्माष्टमी उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में दही लूट एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव एवं उल्लास का माहौल बना रहा। बच्चों के साथ पालकों एवं अभिभावकों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में पालक एवं अभिभावकों में माया देवी, अशोक साहू, लीना साहू, मनीषा साहू, फरहीन नाज, पप्पू हरपाल, अनामी हरपाल सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं पालकों का आभार व्यक्त किया।



