तीज मिलन महोत्सव की शानदार सफलता पर तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने जताया आभार
पाटन। तहसील साहू संघ पाटन के तत्वावधान में आज हर्षोल्लास एवं सामाजिक एकजुटता के साथ आयोजित तहसील स्तरीय तीज मिलन महोत्सव की भव्य सफलता पर तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने पांचों परिक्षेत्र, 99 इकाइयों के पदाधिकारियों सहित कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सामाजिकजनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
महिला संयोजिका के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की सफलता में विभिन्न व्यवस्थाओं में जिम्मेदारी संभालने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हजारों की संख्या में पहुंचे सामाजिकजनों के लिए बैठने, भोजन, मंच, खेलकूद तथा अतिथियों के स्वागत-सत्कार की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से संचालित की गईं।
तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने कहा कि किसी भी बड़े सामाजिक आयोजन की सफलता सामूहिक सहयोग और एकजुटता से ही संभव होती है। भोजन व्यवस्था से लेकर मंच संचालन, खेलकूद, अतिथियों के स्वागत-सत्कार एवं अन्य व्यवस्थाओं में जिन लोगों ने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, वे सभी बधाई एवं धन्यवाद के पात्र हैं।
उन्होंने कहा, “आप सभी की एकजुटता ही मेरी ताकत है। तहसील साहू संघ ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसमें खरा उतरने का लगातार प्रयास कर रहा हूं। आज के आयोजन को सफल बनाने में आप सभी ने जिस तरह सहयोग और सहभागिता निभाई, उसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
श्री साहू ने कहा कि बड़े आयोजन में यदि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी रह गई हो तो उसके लिए वे समाज के सभी लोगों से क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी समाज के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सामाजिकजनों का इसी प्रकार सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
अंत में तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने तीज मिलन महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले पांचों परिक्षेत्र, 99 इकाइयों के पदाधिकारियों, महिला प्रकोष्ठ, व्यवस्था प्रभारियों, कार्यकर्ताओं एवं समस्त सामाजिक महिला-पुरुषों का पुनः हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।






