बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना हम सभी की जिम्मेदारी” — श्रीमती कीर्ति नायक

पाटन। समग्र शिक्षा, जिला शिक्षा विभाग एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) दुर्ग के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तरीय पठनवार प्रतियोगिता 2026 का आयोजन DRS, SAGES (बालक) पाटन में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्पीड रीडिंग, स्टोरी टेलिंग, मैथ मैजिक, स्पीड कैलकुलेशन एवं क्विज बैटल जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा— शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “बच्चों के भीतर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित मंच और अवसर प्रदान करने की। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें सीखने, सोचने और आगे बढ़ने की क्षमता को मजबूत करते हैं।”
उन्होंने कहा कि पठन-पाठन बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है। नियमित पठन से बच्चों की समझ, कल्पनाशक्ति, भाषा कौशल और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्रीमती नायक ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण सीखने की प्रक्रिया और अपने भीतर आत्मविश्वास पैदा करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, लगन और जिज्ञासा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निवकी भाले, विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेन्द्र देवांगन सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने “बेहतर पठन, बेहतर समझ और बेहतर भविष्य” के संदेश को सार्थक करते हुए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।






