अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

8 वर्षीय रायपुर की अनुष्का सुल्तानिया 15 सितंबर को चक्रधर समारोह में कथक प्रस्तुत करेंगी

रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक राजधानी रायगढ़ में 14 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित 41वें चक्रधर समारोह के राष्ट्रीय मंच पर 15 सितंबर को रायपुर की आठ वर्षीय बाल कथक नृत्यांगना अनुष्का सुल्तानिया अपनी प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम रामलीला मैदान में प्रतिदिन शाम 6 बजे से होगा।
अनुष्का सुल्तानिया, पुत्री श्री सुधीर सुल्तानिया एवं श्रीमती सरिता सुल्तानिया, बचपन से भारतीय शास्त्रीय नृत्य सीख रही हैं। दो-तीन वर्ष की आयु से कथक के प्रति लगाव और गुरु कुमारी श्रुति मिश्रा के मार्गदर्शन में निरंतर रियाज़ ने उन्हें उभरती युवा शास्त्रीय नृत्यांगना के रूप में स्थापित किया है। वह प्रतिदिन कई घंटे अभ्यास करती हैं और भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संस्कृति के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं।

शास्त्रीय नृत्य एवं परफॉर्मिंग आर्ट्स में अब तक उन्हें 30 से अधिक पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं। इनमें नाट्य नर्तक अवॉर्ड, राधा रानी अवॉर्ड, पुरी नाट्य धरोहर, श्री हरि निकेतन तथा कुशवाल महोत्सव के सम्मान शामिल हैं। अधिकांश प्रतियोगिताओं में, जहाँ 300 से अधिक प्रतिभागी होते हैं, उन्होंने लगातार प्रथम या द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। नागपुर श्री हरि निकेतन नृत्य समारोह में 567 प्रतिभागियों में प्रथम, पुरी श्री राधा रानी अवॉर्ड में श्रेष्ठ नृत्य सम्मान, रायपुर के नटरंग महोत्सव में प्रथम और नागपुर की ऑनलाइन कथक प्रतियोगिता में 891 प्रतिभागियों में प्रथम जैसी उपलब्धियाँ इसी यात्रा की कड़ी हैं। उन्हें भारतीय बाल कला संस्कृति सम्मान 2025 भी प्रदान किया गया है।

अनुष्का का चयन राष्ट्रीय डांस रियलिटी शो डांस का दंगल के लिए भी हुआ, जो 89 से अधिक देशों में प्रसारित हुआ। वह नागपुर, पुरी, कटक, बिलासपुर और भोपाल सहित कई शहरों के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति दे चुकी हैं।
जनवरी 2025 में राजभवन, रायपुर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर माननीय राज्यपाल महोदय की उपस्थिति में उन्हें विशेष कथक प्रस्तुत करने का अवसर मिला। प्रस्तुति के बाद माननीय राज्यपाल स्वयं खड़े होकर तालियाँ बजाने लगे और पूरे सभागार ने उत्साहवर्धन किया।

41वां चक्रधर समारोह छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग, पर्यटन मंडल एवं जन सहयोग से जिला प्रशासन, रायगढ़ द्वारा महाराजा चक्रधर सिंह की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। दस दिनों में लगभग 42 प्रस्तुतियाँ प्रस्तावित हैं। पद्मश्री डॉ. भारती बंधु, पद्मश्री अनुज शर्मा, पद्मश्री रामलाल बरेठ और पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा जैसे कलाकार मंच की शोभा बढ़ाएँगे। समापन 23 सितंबर को पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति के गायन से होगा।

15 सितंबर की संध्या को अनुष्का सुल्तानिया के कथक के साथ तरुणा साहू एवं ग्रुप की पंडवानी, टी. लक्ष्मी रेड्डी की कुचिपुड़ी, नितिन गंगानी का तबला वादन, राजस्थान की स्टार्क सोसाइटी का लोक संगीत तथा वृंदावन के मानसर बैंड का भजन गायन भी होगा।
इतनी कम उम्र में चक्रधर जैसे ऐतिहासिक मंच पर स्थान पाना रायपुर की इस बेटी की मेहनत और छत्तीसगढ़ की कला परंपरा दोनों का प्रमाण है। प्रवेश निःशुल्क है। कला प्रेमी सादर आमंत्रित हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!