पाटन के युवाओं की देवेंद्र यादव से मुलाकात, राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी
भिलाई/अमलेश्वर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव से पाटन विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े गांवों में शामिल ग्राम पाहंदा (अ) के युवा साथियों ने उनके निवास पहुंचकर सौजन्य भेंट-मुलाकात की। बताया जा रहा है कि संजय यदु एवं उमेश साहू के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में युवा साथी बाइक से भिलाई पहुंचे और देवेंद्र यादव से मुलाकात की।

इस दौरान युवाओं और विधायक देवेंद्र यादव के बीच संगठनात्मक विषयों सहित क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। पाटन विधानसभा क्षेत्र के युवाओं की लगातार देवेंद्र यादव से हो रही मुलाकात को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती नजर आ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में देवेंद्र यादव के साथ इन युवाओं की एक बैठक भी आयोजित की जा सकती है, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हालांकि, बैठक की तिथि एवं स्थान को लेकर अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
भेंट-मुलाकात के लिए पहुंचने वाले युवाओं में जग्गू वर्मा, भावेश ठाकुर, शेखर साहू, देव साहू, कृष्णा साहू, जीतू साहू, हेमू यादव, प्रकाश सहित बड़ी संख्या में युवा साथी शामिल रहे। युवा साथियों ने बाइक रैली के रूप में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।






