अमलेश्वर थाना के सामने सड़क पर फिर पानी का लीकेज, बड़े हादसे की आशंका, लगातार पानी रिसने से सड़क धंसने लगी, विभागीय लापरवाही पर उठ रहे सवाल

अमलेश्वर। अमलेश्वर थाना के सामने मुख्य मार्ग पर एक बार फिर पानी का लीकेज दिखाई देने लगा है। इससे सड़क की स्थिति खराब होने के साथ ही राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि इसी मार्ग पर आगे बने पुल के पास पूर्व में भी पानी का लीकेज सामने आया था, जिसे संबंधित विभाग द्वारा दुरुस्त किया गया था। हालांकि, मौके पर अभी भी बैरिकेड लगा हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य सड़क पर लगातार पानी का रिसाव होने से सड़क धीरे-धीरे धंसने लगी है। यदि समय रहते इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया तो पानी का रिसाव बढ़ सकता है और बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहने की स्थिति बन सकती है। इससे सड़क को नुकसान पहुंचने के साथ ही आवागमन करने वाले लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पेयजल की पाइपलाइन इसी मार्ग से होकर भिलाई-3 चरोदा क्षेत्र की ओर गई हुई है। ऐसे में पाइपलाइन में लीकेज की स्थिति को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार किया जाना जरूरी है।
लगातार पानी का सीपेज सड़क के नीचे की सतह को कमजोर कर सकता है, जिससे सड़क धंसने और क्षतिग्रस्त होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे लोक निर्माण विभाग की सड़क को भी नुकसान होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर पानी के स्रोत का पता लगाया जाए और लीकेज को स्थायी रूप से बंद कराया जाए, ताकि मुख्य मार्ग को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके तथा किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।






