तरीघाट में पहली बार तीजहारिन बहनों के लिए सामूहिक करू भात और खेलकूद कार्यक्रम का आयोजन

पाटन। मां महामाया के कोरा में बसे जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र के पुरातात्विक गांव तरीघाट में इस वर्ष पहली बार तीजा उपवास रखने वाली महतारी दीदी-बहनों के लिए सामूहिक “करू भात” भोजन एवं खेलकूद कार्यक्रम का आयोजन 12 सितंबर को किया जा रहा है।

ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू के नेतृत्व एवं समस्त पंचों के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम की सभी तीजहारिन दीदी-बहनों को सादर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में तीजा व्रत रखने वाली महिलाएं सामूहिक रूप से करू भात का भोजन ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य गांव की महिलाओं को एक साथ जोड़ना, आपसी भाईचारा बढ़ाना तथा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक तीजा संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
ग्राम पंचायत एवं आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हुए इसे सफल बनाने की अपील की है।






