भाजपा-कांग्रेस समर्थित सरपंचों ने बैठक में लिया निर्णय, पेयजल व स्ट्रीट लाइट के बकाया बिजली बिल को लेकर जताई नाराजगी

पाटन, 12 सितंबर 2026। पाटन ब्लॉक के भाजपा और कांग्रेस समर्थित सभी सरपंच बिजली बिल के मुद्दे पर एकजुट हो गए हैं। ग्राम पंचायतों के पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट के बिजली बिल की बकाया राशि जमा करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा बनाए जा रहे दबाव और कई पंचायतों में बिजली कनेक्शन काटे जाने के विरोध में सरपंच संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
सरपंच संघ जनपद पंचायत पाटन द्वारा शनिवार को पाटन रेस्ट हाउस में ब्लॉक के सभी 108 सरपंचों की बैठक आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता सरपंच संघ पाटन के अध्यक्ष विनय चंद्राकर एवं रूपेंद्र शुक्ला ने की। बैठक में ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सरपंचों ने कहा कि वर्ष 2016 में शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायतों में पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट के बिजली बिल को माफ करते हुए भुगतान नहीं किए जाने संबंधी व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद वर्तमान में सरकार एवं विद्युत विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों पर बिजली बिल की शेष राशि जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वहीं कई पंचायतों में बिजली आपूर्ति बाधित करने के साथ ही विद्युत कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई भी की जा रही है। इससे ग्राम पंचायतों के सामने पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट संचालन को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि एक माह के भीतर बिजली बिल संबंधी समस्या का शासन स्तर पर निराकरण नहीं किया जाता है, तो पाटन ब्लॉक के सभी सरपंचों द्वारा एकजुट होकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास 2.0 की वरीयता सूची में छेड़छाड़ पर भी आंदोलन की चेतावनी
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 को लेकर भी सरपंचों ने अपनी मांग रखी। सरपंचों ने कहा कि ग्राम सभा में प्रस्तावित एवं निर्धारित वरीयता क्रम के अनुसार ही हितग्राहियों के नाम लिए जाने चाहिए। यदि विभागीय स्तर पर ग्राम सभा द्वारा निर्धारित वरीयता क्रम में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की जाती है अथवा हितग्राहियों के नाम ऊपर-नीचे किए जाते हैं, तो इसका भी पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस मामले में भी आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
बैठक में सरपंच संघ पाटन के दोनों अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला एवं विनय चंद्राकर सहित सरपंच तोरण लाल साहू, अमित अग्रवाल, रमाकांत साहू, जीधन ठाकुर, वरुण नेताम, रवि सिंगौर, सुश्री अर्चना यादव, सुश्री ओनिका वर्मा सहित पाटन ब्लॉक के सभी सरपंच उपस्थित रहे।






