अमलेश्वर पालिका की मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा पहुंचा थाने, आश्वासन के बाद कांग्रेस पार्षदों का आंदोलन स्थगित

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस पार्षदों द्वारा प्रस्तावित आंदोलन आखिरकार प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। 16 सितंबर को प्रस्तावित चक्का जाम से एक दिन पहले 15 सितंबर को अमलेश्वर थाना प्रभारी के कक्ष में प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका प्रशासन और कांग्रेस पार्षदों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मांगों पर चर्चा के बाद कार्रवाई की समय-सीमा तय की गई, जिसके बाद कांग्रेस पार्षदों ने चक्का जाम का निर्णय वापस ले लिया।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी पाटन उत्तम ध्रुव, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन प्रांशु तिवारी, नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती प्रीति गुप्ता, अमलेश्वर थाना प्रभारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, नेता प्रतिपक्ष दीपक घिड़ोड़े सहित कांग्रेस पार्षदगण मौजूद रहे।
दरअसल, 24 अगस्त को कांग्रेस पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय के सामने 10 सूत्रीय जनहित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पालिका की आय-व्यय की जानकारी, अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण पर कार्रवाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, जल निकासी, आवारा मवेशियों सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सवाल उठाए गए थे। मांगों का निराकरण नहीं होने पर 16 सितंबर को चक्का जाम की चेतावनी दी गई थी। पूरा मामला 04 जून का है।पालिका परिषद बैठक का बहिष्कर कर कांग्रेस पार्षदों ने आय व्यय की जानकारी सहित अन्य विषयों पर जानकारी मांगी थी जिसे आज तक नहीं दिया और आंदोलन तक पहुंच गया।
आश्वासन के बाद थमा आंदोलन
बैठक में नगर पालिका प्रशासन द्वारा मांगों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही शासन एवं क्रेडा विभाग से संबंधित विषयों पर पत्राचार कर कार्रवाई आगे बढ़ाने की बात कही गई। प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट कांग्रेस पार्षदों ने 16 सितंबर को प्रस्तावित चक्का जाम स्थगित कर दिया।
अवैध प्लाटिंग-अतिक्रमण पर कार्रवाई का भरोसा
बैठक में अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने पर सहमति बनी। खसरा नंबर 389, 390, 391/1, 391/2, 1117/1, 1116, 768, 425/2, 426/1, 426/2, 819/2, 847/1, 876/1, 650/1 एवं 679 सहित अन्य मामलों में कार्रवाई की जानकारी दी गई। नए मामले सामने आने पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थानों पर 30 दिवस के भीतर बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया।
431 नई स्ट्रीट लाइट, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
पालिका क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, केबल, स्विच एवं एमसीबी के संधारण की जानकारी देते हुए बताया गया कि मार्ग व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 431 नवीन लाइट लगाई गई हैं। प्रकाश व्यवस्था के लिए डीएमएफ मद में प्रस्ताव भी भेजा गया है। नई शिकायतों एवं मांगों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
पेयजल समस्या के निराकरण के लिए 3 से 4 दिन की समय-सीमा
पेयजल एवं पाइपलाइन व्यवस्था को लेकर तकनीकी खराबी आने पर तत्काल दुरुस्तीकरण करने पर सहमति बनी। नई तकनीकी समस्या सामने आने पर 3 से 4 दिवस के भीतर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।
क्रेडा को पहले ही भेजा जा चुका है पत्र
अमलेश्वर पहुंच मार्ग मेन रोड पर लगी स्ट्रीट लाइट की केबल क्रेडा विभाग से संबंधित होने के कारण सुधार के लिए पत्र क्रमांक 1842, दिनांक 1 सितंबर 2026 को संबंधित विभाग को भेजा जा चुका है। अब क्रेडा विभाग से समन्वय कर जल्द सुधार कराने की बात कही गई।
जल निकासी और आवारा मवेशियों पर भी फोकस
पालिका क्षेत्र में स्ट्रॉम वाटर ड्रेन का निर्माण किया गया है तथा कई क्षेत्रों में निर्माण कार्य जारी है। जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर नए प्रस्ताव भी स्वीकृति के लिए भेजे जाएंगे। वहीं मुख्य मार्गों पर आवारा मवेशियों की समस्या से निपटने के लिए पालिका ने टीम गठित की है, जो दिन एवं शाम के समय कार्रवाई करेगी। मुनादी के माध्यम से पशुपालकों से सार्वजनिक मार्गों पर मवेशी खुला नहीं छोड़ने की अपील भी की जाएगी।
नए पालिका भवन का प्रस्ताव भी भेजा गया
नवगठित नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के नवीन कार्यालय भवन का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई। नए भवन में जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों और अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठकों के लिए उचित कक्ष एवं सभागार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक के अंत में संबंधित विभागों एवं नगर पालिका प्रशासन को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद 16 सितंबर का प्रस्तावित चक्का जाम टल गया है। अब इन 10 सूत्रीय मांगों पर तय समय-सीमा में कितना अमल होता है, यह आने वाले दिनों में देखने वाली बात होगी।







