अमलेश्वर में मुख्य मार्ग जर्जर, त्योहारों के सीजन में हादसे का खतरा

अमलेश्वर। अमलेश्वर से रायपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नगर पालिका परिषद और थाना अमलेश्वर के सामने सड़क की जर्जर हालत से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। त्योहारों के सीजन में इस मार्ग पर आवागमन बढ़ने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ सकती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक सड़क को दुरुस्त नहीं करा पाए हैं।
जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 चरोदा नगर निगम की पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। इसके बाद मरम्मत कार्य कराया गया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। कुछ ही दिनों में सड़क फिर से खराब हो गई और स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सड़क निर्माण के दौरान नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के जनप्रतिनिधियों ने भी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने काम रुकवाया भी था, लेकिन कुछ दिनों बाद दोबारा काम शुरू हुआ और मरम्मत के नाम पर औपचारिकता पूरी कर दी गई। अब सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नगर में चर्चा हो रही है।
यह मार्ग पाटन और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। ऐसे में सड़क की खराब हालत किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
वर्जन। मौके का निरीक्षण कर मरम्मत करवाता हूं आयुक्त नगर निगम भिलाई-3 चरोदा
अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद जिम्मेदार विभाग सड़क की वास्तविक स्थिति सुधारने के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है।



