ग्राम रूही में 8 से 13 नवंबर तक भव्य लक्ष्मी पूजा महोत्सव, 12 नवंबर को मड़ई मिलन के साथ छत्तीसगढ़ी लोकछाया की विशेष प्रस्तुति

जामगांव (एम)। ग्राम रूही में सार्वजनिक लक्ष्मी पूजा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में दीपावली के पावन अवसर पर 40वां सार्वजनिक श्री लक्ष्मी पूजा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। 8 से 13 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस छह दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में विभिन्न पूजा-अर्चना, पारंपरिक कार्यक्रमों और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियों का आयोजन होगा।
समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 नवंबर, रविवार को श्री लक्ष्मी, सरस्वती एवं गणेश स्थापना के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 10 नवंबर को श्री गोवर्धन पूजा, 11 नवंबर को यम द्वितीया, भाई दूज, मातर जागरण एवं अखाड़ा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जय बजरंग अखाड़ा पार्टी, पतोरा (उतई) द्वारा दोपहर 1 बजे से प्रस्तुति दी जाएगी।


12 नवंबर, गुरुवार को मंडई एवं रात्रिकालीन छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। रात्रि 10 बजे छत्तीसगढ़ी लोक सांस्कृतिक कला मंच ‘लोकछाया’ की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्यक्रम में छाया चंद्राकर एवं उनकी टीम द्वारा लोककला की प्रस्तुति दी जाएगी। 13 नवंबर को लक्ष्मी, सरस्वती एवं गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
महोत्सव के आयोजन को लेकर ग्राम में उत्साह का माहौल है। समिति ने श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों से कार्यक्रमों में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजन: सार्वजनिक लक्ष्मी पूजा समिति एवं समस्त ग्रामवासी, रूही (जामगांव, एम)।



